इतिहास ब्लाग में आप जैसे जागरूक पाठकों का स्वागत है।​

Website templates

Tuesday, October 21, 2014

एशिया के सबसे पुराने भारतीय संग्रहालय के डिजिटलीकरण की योजना

 
दो सौ साल पुराने भारतीय संग्रहालय को एशिया का सबसे पुराना संग्रहालय माना जाता है। अब इसे आधुनिक बनाने और सजाने संवारने के लिए लंदन के नेशनल हिस्ट्री म्यूजियम (एनएचएम) के विशेषज्ञों से संपर्क किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य संग्रहालय में रखी चीजों का डिजिटलीकरण करना, योजना तैयार करना और इसे एक आधुनिक शोध केंद्र के रूप में स्थापित करना है। भारतीय संग्रहालय प्राधिकरण के साथ हुई बैठक में एनएचएम के अंतरराष्ट्रीय संपर्क प्रमुख ने ऐसे विचार व्यक्त किए। उन्होंने विज्ञान की गुत्थियों का सार्वजनिक जीवंत प्रदर्शन, विलुप्त प्रजातियों का जीवंत कलात्मक प्रदर्शन जैसे विचार साझा किए।
मालूम हो कि भारतीय संग्रहालय की स्थापना दो फरवरी 1814 में हुई और फिलहाल इसे पुनर्निर्मित करने के पहले चरण की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत इसके सांस्कृतिक विरासत वाले हिस्से को पुनर्निर्मित किया जा रहा है। इसके बाद संग्रहालय के प्राकृतिक इतिहास वाले हिस्से को पुनर्निमित किया जाएगा। भारतीय संग्रहालय और  एनएचएम दोनों ही लगभग दो सौ वर्ष पुराने हैं और ऐतिहासिक रूप से कुछ मायनों में जुड़े भी हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्राकृतिक इतिहास का दस्तावेजीकरण करते हुए संग्रहालय को ताजातरीन वैज्ञानिक खोजों को भी ध्यान में रखना होगा और उन्हें एक कहानी के रूप में प्रस्तुत करना होगा। एनएचएम में सात करोड़ नमूने संगृहीत हैं और इस मामले में यह दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय है। संग्रहालय के इस विशाल संग्रहण में सूक्ष्मदर्शी से देखे जा सकने वाले बेहद सूक्ष्म जीवों से लेकर कभी पृथ्वी के सबसे विशालकाय स्तनपायी जीव मैमथ (हाथी) का कंकाल भी शामिल है। एनएचएम में 1750 से लेकर बीसवीं सदी तक की तीस हजार महत्वपूर्ण भारतीय कलाकृतियों का संग्रह है, जो बताता है कि ब्रिटिश राज की नजरों में भी भारत के समृद्ध प्राकृतिक इतिहास का क्या महत्व था।
  भारतीय संग्रहालय के प्रबंध निदेशक के मुताबिक, दोनों संग्रहालय वैज्ञानिक आदान-प्रदान में भी एक-दूसरे का सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि एनएचएम के पास प्राकृतिक इतिहास के संग्रह का अनुभव विश्व में सबसे ज्यादा है, इसलिए हम विश्व में सबसे अच्छा बनने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। हम अभी केंद्र सरकार से आखिरी अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उनके मुताबिक दूसरे चरण के पुनर्निर्माण कार्य पर विचार चल रहा है और एनएचएम से मिलने वाले परामर्श के आधार पर हम आगे बढ़ेंगे। (साभार-जनसत्ता )

यहां मिला है समुद्र मंथन का प्रमाण


गुजरात के सूरत जिले के पिंजरात गांव के पास समुद्र में स्थित है मंदराचल पर्वत

बिहार के भागलपुर के पास  भी स्थित है एक मंदराचल पर्वत 

   समुद्र मंथन को अगर लाइफ  मैनेजमेंट के नजरिए से देखा जाए तो हम पाएंगे कि सीधे-सीधे किसी को अमृत (परमात्मा) नहीं मिलता। उसके लिए पहले मन को विकारों को दूर करना पड़ता है तथा अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण करना पड़ता है। समुद्र मंथन में 14 नंबर पर अमृत निकला था। इस 14 अंक का अर्थ है ये है 5 कमेन्द्रियां, 5 जनेन्द्रियां तथा अन्य 4 हैं- मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार। इन सभी पर नियंत्रण करने के बाद में परमात्मा प्राप्त होते हैं। 

देवताओं और असुरों द्वारा किए गए समुद्र मंथन की कथा हम सभी जानते हैं। इस कथा के अनुसार देवता व असुरों ने नागराज वासुकि की नेती बनाकर मंदराचल पर्वत की सहायता को समुद्र को मथा था। समुद्र मंथन से ही लक्ष्मी, चंद्रमा, अप्सराएं व भगवान धन्वन्तरि अमृत लेकर निकले थे। 
आर्कियोलॉजी और ओशनोलॉजी डिपार्टमेंट ने सूरत जिले के पिंजरात गांव के पास समुद्र में मंदराचल पर्वत होने का दावा किया है।  आर्कियोलॉजिस्ट मितुल त्रिवेदी के अनुसार बिहार के भागलपुर के पास स्थित भी एक मंदराचल पर्वत है और गुजरात के समुद्र से निकला यह पर्वत भी उसी का हिस्सा लग रहा है।

   बिहार और गुजरात में मिले इन दोनों पर्वतों का निर्माण एक ही तरह के ग्रेनाइट पत्थर से हुआ है। इस तरह यह दोनों पर्वत एक ही हैं। जबकि आमतौर पर ग्रेनाइट पत्थर के पर्वत समुद्र में नहीं मिला करते। इसलिए गुजरात के समुद्र में मिला यह पर्वत शोध का विषय है। खोजे गए पर्वत के बीचोंबीच नाग आकृति भी मिली है। पर्वत पर नाग आकृति मिलने से ये दावा और भी पुख्ता होता है। 


जानिए समुद्र मंथन की पूरी कथा

धर्म ग्रंथों के अनुसार एक बार महर्षि दुर्वासा के श्राप के कारण स्वर्ग श्रीहीन (ऐश्वर्य, धन, वैभव आदि) हो गया। तब सभी देवता भगवान विष्णु के पास गए। भगवान विष्णु ने उन्हें असुरों के साथ मिलकर समुद्र मंथन करने का उपाय बताया और ये भी बताया कि समुद्र मंथन को अमृत निकलेगा, जिसे ग्रहण कर तुम अमर हो जाओगे। यह बात जब देवताओं ने असुरों के राजा बलि को बताई तो वे भी समुद्र मंथन के लिए तैयार हो गए। वासुकि नाग की नेती बनाई गई और मंदराचल पर्वत की सहायता से समुद्र को मथा गया। समुद्र मंथन से उच्चैश्रवा घोड़ा, ऐरावत हाथी, लक्ष्मी, भगवान धन्वन्तरि सहित 14 रत्न निकले।
 
1- कालकूट विष
समुद्र मंथन में से सबसे पहले कालकूट विष निकला, जिसे भगवान शिव ने ग्रहण कर लिया। इससे तात्पर्य है कि अमृत (परमात्मा) इस इंसान के मन में स्थित है। अगर हमें अमृत की इच्छा है तो सबसे पहले हमें अपने मन को मथना पड़ेगा। जब हम अपने मन को मथेंगे तो सबसे पहले बुरे विचार ही बाहर निकलेंगे। यही बुरे विचार विष है। हमें इन बुरे विचारों को परमात्मा को समर्पित कर देना चाहिए और इनसे मुक्त हो जाना चाहिए।
2- कामधेनु
समुद्र मंथन में दूसरे क्रम में निकली कामधेनु। वह अग्निहोत्र (यज्ञ) की सामग्री उत्पन्न करने वाली थी। इसलिए ब्रह्मवादी ऋषियों ने उसे ग्रहण कर लिया। कामधेनु प्रतीक है मन की निर्मलता की। क्योंकि विष निकल जाने के बाद मन निर्मल हो जाता है। ऐसी स्थिति में ईश्वर तक पहुंचना और भी आसान हो जाता है।
3- उच्चैश्रवा घोड़ा
समुद्र मंथन के दौरान तीसरे नंबर पर उच्चैश्रवा घोड़ा निकला। इसका रंग सफेद था। इसे असुरों के राजा बलि ने अपने पास रख लिया। लाइफ  मैनेजमेंट की दृष्टि से देखें तो उच्चैश्रवा घोड़ा मन की गति का प्रतीक है। मन की गति ही सबसे अधिक मानी गई है। यदि आपको अमृत (परमात्मा) चाहिए तो अपने मन की गति पर विराम लगाना होगा। तभी परमात्मा से मिलन संभव है।
 4- ऐरावत हाथी
 समुद्र मंथन में चौथे नंबर पर ऐरावत हाथी निकला, उसके चार बड़े-बड़े दांत थे। उनकी चमक कैलाश पर्वत से भी अधिक थी। ऐरावत हाथी को देवराज इंद्र ने रख लिया। ऐरावत हाथी प्रतीक है बुद्धि का और उसके चार दांत लोभ, मोह, वासना और क्रोध का। चमकदार (शुद्ध व निर्मल) बुद्धि से ही हमें इन विकारों पर काबू रख सकते हैं।
5- कौस्तुभ मणि
समुद्र मंथन में पांचवे क्रम में निकली कौस्तुभ मणि, जिसे भगवान विष्णु ने अपने ह्रदय पर धारण कर लिया। कौस्तुभ मणि प्रतीक है भक्ति का। जब आपके मन से सारे विकार निकल जाएंगे, तब भक्ति ही शेष रह जाएगी। यही भक्ति ही भगवान ग्रहण करेंगे।  
 6- कल्पवृक्ष
 समुद्र मंथन में छठे क्रम में निकला इच्छाएं पूरी करने वाला कल्पवृक्ष, इसे देवताओं ने स्वर्ग में स्थापित कर दिया। कल्पवृक्ष प्रतीक है आपकी इच्छाओं का। कल्पवृक्ष से जुड़ा लाइफ  मैनेजमेंट सूत्र है कि अगर आप अमृत (परमात्मा) प्राप्ति के लिए प्रयास कर रहे हैं तो अपनी सभी इच्छाओं का त्याग कर दें। मन में इच्छाएं होंगी तो परमात्मा की प्राप्ति संभव नहीं है।
7- रंभा अप्सरा
समुद्र मंथन में सातवे क्रम में रंभा नामक अप्सरा निकली। वह सुंदर वस्त्र व आभूषण पहने हुई थीं। उसकी चाल मन को लुभाने वाली थी। ये भी देवताओं के पास चलीं गई। अप्सरा प्रतीक है मन में छिपी वासना का। जब आप किसी विशेष उद्देश्य में लगे होते हैं तब वासना आपका मन विचलित करने का प्रयास करती हैं। उस स्थिति में मन पर नियंत्रण होना बहुत जरूरी है।
 8- देवी लक्ष्मी
 समुद्र मंथन में आठवे स्थान पर निकलीं देवी लक्ष्मी। असुर, देवता, ऋषि आदि सभी चाहते थे कि लक्ष्मी उन्हें मिल जाएं, लेकिन लक्ष्मी ने भगवान विष्णु का वरण कर लिया। लाइफ  मैनेजमेंट के नजरिए से लक्ष्मी प्रतीक है धन, वैभव, ऐश्वर्य व अन्य सांसारिक सुखों का। जब हम अमृत (परमात्मा) प्राप्त करना चाहते हैं तो सांसारिक सुख भी हमें अपनी ओर खींचते हैं, लेकिन हमें उस ओर ध्यान न देकर केवल ईश्वर भक्ति में ही ध्यान लगाना चाहिए।
9- वारुणी देवी
समुद्र मंथन से नौवे क्रम में निकली वारुणी देवी, भगवान की अनुमति से इसे दैत्यों ने ले लिया। वारुणी का अर्थ है मदिरा यानी नशा। यह भी एक बुराई है। नशा कैसा भी हो शरीर और समाज के लिए बुरा ही होता है। परमात्मा को पाना है तो सबसे पहले नशा छोडऩा होगा तभी परमात्मा से साक्षात्कार संभव है।
 10- चंद्रमा
समुद्र मंथन में दसवें क्रम में निकले चंद्रमा। चंद्रमा को भगवान शिव ने अपने मस्तक पर धारण कर लिया। चंद्रमा प्रतीक है शीतलता का। जब आपका मन बुरे विचार, लालच, वासना, नशा आदि से मुक्त हो जाएगा, उस समय वह चंद्रमा की तरह शीतल हो जाएगा। परमात्मा को पाने के लिए ऐसा ही मन चाहिए। ऐसे मन वाले भक्त को ही अमृत (परमात्मा) प्राप्त होता है।
11- पारिजात वृक्ष
इसके बाद समुद्र मंथन से पारिजात वृक्ष निकला। इस वृक्ष की विशेषता थी कि इसे छूने से थकान मिट जाती थी। यह भी देवताओं के हिस्से में गया। लाइफ मैनेजमेंट की दृष्टि से देखा जाए तो समुद्र मंथन से पारिजात वृक्ष के निकलने का अर्थ सफलता प्राप्त होने से पहले मिलने वाली शांति है। जब आप (अमृत) परमात्मा के इतने निकट पहुंच जाते हैं तो आपकी थकान स्वयं ही दूर हो जाती है और मन में शांति का अहसास होता है।
12- पांचजन्य शंख
समुद्र मंथन से बारहवें क्रम में पांचजन्य शंख निकला। इसे भगवान विष्णु ने ले लिया। शंख को विजय का प्रतीक माना गया है साथ ही इसकी ध्वनि भी बहुत ही शुभ मानी गई है। जब आप अमृत (परमात्मा) से एक कदम दूर होते हैं तो मन का खालीपन ईश्वरीय नाद यानी स्वर से भर जाता है। इसी स्थिति में आपको ईश्वर का साक्षात्कार होता है।
13 व 14- भगवान धन्वन्तरि व अमृत कलश
 समुद्र मंथन से सबसे अंत में भगवान धन्वन्तरि अपने हाथों में अमृत कलश लेकर निकले। भगवान धन्वन्तरि प्रतीक हैं निरोगी तन व निर्मल मन के। जब आपका तन निरोगी और मन निर्मल होगा तभी इसके भीतर आपको परमात्मा की प्राप्ति होगी।
    समुद्र मंथन में 14 नंबर पर अमृत निकला। इस 14 अंक का अर्थ है ये है 5 कमेंद्रियां, 5 जननेन्द्रियां तथा अन्य 4 हैं- मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार। इन सभी पर नियंत्रण करने के बाद में परमात्मा प्राप्त होते हैं।

(साभार-दैनिक भाष्कर http://religion.bhaskar.com/news-hf/DHA-UTS-deepawali-2014-here-is-found-the-evidence-of-churning-sea-know-life-management-a-4783039-PHO.html)

LinkWithin

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...